ड्यूटी के दौरान नशे में मिला प्रधान आरक्षक निलंबित, रोजनामचा लेखन में लापरवाही भी आई सामने



जांजगीर। ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में पाए जाने और रोजनामचा लेखन में लापरवाही बरतने के मामले में जांजगीर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे ने अकलतरा थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक अजय सिंह कंवर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार प्रधान आरक्षक अजय सिंह कंवर की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। बताया जा रहा है कि वे ड्यूटी के दौरान अपने दायित्वों का सही तरीके से निर्वहन नहीं कर रहे थे और थाने में रोजनामचा लेखन का कार्य भी समय पर नहीं किया जा रहा था, जिससे प्रशासनिक कामकाज प्रभावित हो रहा था।
मामले की जानकारी मिलने के बाद उच्च अधिकारियों ने जांच कराई। जांच के दौरान यह सामने आया कि प्रधान आरक्षक ड्यूटी के समय शराब के नशे में थे, जिसे विभागीय अनुशासन का गंभीर उल्लंघन माना गया।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे ने कर्तव्य के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता को देखते हुए उन्हें तत्काल निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय निर्धारित किया जाएगा और मामले की विभागीय जांच भी की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और ड्यूटी में लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *