15 साल से मैकेनिक बना ‘मास्टरमाइंड’ वाहन चोर गिरफ्तार, 7 लाख की जप्ती


दुर्ग। थाना पद्मनाभपुर पुलिस ने वाहन चोरी के एक संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले 15 वर्षों से मोटरसाइकिल मैकेनिक का कार्य कर रहा था और अपने तकनीकी ज्ञान का दुरुपयोग कर क्षेत्र में दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
प्रकरण क्रमांक 542/2025, धारा 303(2) BNS के तहत विवेचना के दौरान सामने आया कि आरोपी विजय देवांगन अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल एवं स्कूटी चोरी कर उन्हें अपने घर ले जाता था। वहां हेक्सा ब्लेड जैसे औजारों से वाहनों को काटकर उनके लोहे एवं एल्युमिनियम के पार्ट्स अलग करता और फेरी वालों व स्थानीय कबाड़ियों के माध्यम से बेच देता था।
आरोपी की निशानदेही पर अन्य सहयोगियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिनके कब्जे से चोरी किए गए वाहनों के पार्ट्स बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने कुल 10 दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया है, जिनमें थाना पद्मनाभपुर, सिटी कोतवाली दुर्ग और मोहन नगर क्षेत्र के वाहन शामिल हैं।
पुलिस ने चोरी की हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल, एक्टिवा स्कूटी सहित विभिन्न वाहनों के कटे हुए पार्ट्स जब्त किए हैं। जप्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 7 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी:
1 विजय देवांगन (36 वर्ष), उरला दामाद पारा, थाना मोहन नगर
2 सोनू गुप्ता (28 वर्ष), मुर्रा भट्टा उरला, थाना मोहन नगर
3 उमेश गुप्ता (24 वर्ष), मुर्रा भट्टा उरला, थाना मोहन नगर
4 मोहम्मद खान (57 वर्ष), मितान चौक, सुभाष नगर, थाना पद्मनाभपुर
इस कार्रवाई में थाना पद्मनाभपुर की विवेचना टीम, पेट्रोलिंग स्टाफ एवं तकनीकी सहयोगी पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *