
दुर्ग। थाना कुम्हारी क्षेत्र में लूट की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने का मामला सामने आया है। बीमा/मुआवजा राशि प्राप्त करने के उद्देश्य से फर्जी लूट की कहानी रचने वाले आवेदक को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 05 फरवरी 2026 को नितेश देवांगन, निवासी ग्राम कुगड़ा ने थाना कुम्हारी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि कुगड़ा रोड स्थित सार्थक होम के पास तीन अज्ञात व्यक्तियों ने धारदार हथियार अड़ाकर उससे सोने की ज्वेलरी और नगदी लूट ली। सूचना मिलते ही थाना कुम्हारी पुलिस और ACCU टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई, लेकिन शिकायतकर्ता के बताए अनुसार कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई।
प्रकरण संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने आवेदक से विस्तृत पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि व्यापार में हुए नुकसान की भरपाई के लिए बीमा/मुआवजा राशि प्राप्त करने की नीयत से उसने लूट की झूठी कहानी गढ़ी थी। कथित रूप से लूटी गई ज्वेलरी उसकी स्वयं की दुकान में ही रखी हुई थी। आरोपी के बताए अनुसार पुलिस ने ज्वेलरी बरामद कर ली।
पुलिस ने नितेश देवांगन के खिलाफ लोक सेवक को जानबूझकर झूठी सूचना देने के संबंध में वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है।
जप्त सामग्री में सोने की 7 जोड़ी टाप्स और 5 जोड़ी बाली, कुल लगभग 30 ग्राम वजन की ज्वेलरी शामिल है।
इस कार्रवाई में थाना कुम्हारी पुलिस एवं ACCU टीम की सतर्कता और त्वरित जांच से पूरे मामले का खुलासा संभव हो सका।
