
रायगढ़ । रायगढ़ शहर में सोमवार को एक सनीसनीखेज मामला सामने आया है। चक्रधर नगर इलाके के कसेर पारा में एक घर से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों को शक हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने घर का दरवाजा खोला तो उनके होश उड़ गए। घर के भीतर पति और पत्नी की लाश मिली।
मृतकों की पहचान रिटायर्ड शिक्षक गोपाल लाल नगायच और उनकी पत्नी के रूप में हुई है। दोनों के तीन बच्चे हैं – एक बेटा कलकत्ता में जॉब करता है, एक बेटी रायगढ़ में और दूसरी बेटी रायपुर में रहती है। उन्हें सूचना दे दी गई है।
पुलिस ने बताया कि मोहल्ले के लोगों ने घर से तेज बदबू आने की शिकायत की थी, जिसके बाद पुलिस ने घर का दरवाजा खोलकर देखा तो अंदर दो शव पाए गए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
स्थानीय निवासी कौशलेंश मिश्रा ने बताया कि गोपाल लाल उनके पड़ोसी थे और आज पड़ोस में रहने वाले लोगों को घर से बदबू आई, जिसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ।