
दुर्ग । दुर्ग जिले में एक लड़की को झूठे प्यार में फंसाकर 10 साल तक रिलेशन में रखने के बाद धोखा देने का मामला सामने आया है। इसके बाद लड़की ने लड़के के खिलाफ पद्मनाभपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
शादी का झूठा वादा कर बनाए शारीरिक संबंध
एएसपी पद्मश्री तंवर ने बताया कि एक युवती ने पद्मनाभपुर थाने में दैहिक शोषण का मामला दर्ज कराया है। लड़की ने आरोप लगाया है कि साल 2015 में उसकी मुलाकात मो. आमिर सिद्दकी से हुई थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने से वो एक दूसरे से प्यार करने लगे। आमिर ने लड़की को शादी का वादा किया, लेकिन लड़की के घरवालों को ये रिश्ता मंजूर नहीं था। इसके बाद भी आमिर और लड़की साल 2015 से 2025 तक एक साथ रहे और आमिर ने समय समय पर लड़की के साथ शारीरिक संबंध बनाए।
गर्भवती होने पर कराया अबॉर्शन
लड़की के गर्भवती होने पर आमिर ने उसे शादी करने का झूठा वादा किया और अबॉर्शन करा दिया। जब लड़की को पता चला कि आमिर का किसी दूसरी लड़की से निकाह होने वाला है, तो उसने उससे झगड़ा किया और शादी के लिए दबाव बनाया। लेकिन आमिर ने लड़की से शादी करने से मना कर दिया।
पुलिस ने किया गिरफ्तार
इसके बाद लड़की ने पद्मनाभपुर थाने में जाकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पद्मनाभपुर पुलिस ने आमिर के खिलाफ धारा 376(2)ढ, 313 के तहत मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।