
भिलाई । वैशाली नगर में मोबाइल झपटमारी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी द्वारा दो अन्य घटनाओं को भी अंजाम देना स्वीकार किया गया है। आरोपी के कब्जे से तीन नग मोबाइल और एक मोटर साइकिल जब्त की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि उसका साथी अब भी फरार है।
प्रार्थी तेजप्रकाश साहू, निवासी अम्बेडकर चौक नहर पारा, ने 04.05.2025 को थाना वैशाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 06.04.2025 की रात लगभग 8:30 बजे वह अपने घर से न्यूज़ पेपर वाले मनोज रत्नाकर के पास शांति नगर, पालीवाल होटल के पास जा रहा था। वह रास्ते में विवो वाय-20 मोबाइल से बात कर रहा था, तभी पीछे से बाइक (क्रमांक CG-07 CG 9157) पर सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसके हाथ से मोबाइल छीनकर भाग गए। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 114/2025 धारा 304, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि शांति नगर दशहरा मैदान के पास एक व्यक्ति मोबाइल बेचने के प्रयास में है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम लव कुमार चौबे, उम्र 21 वर्ष, निवासी आर्य नगर हाउसिंग बोर्ड काली मंदिर के पास भिलाई बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने दोस्त मोहन साहू के साथ मिलकर यह वारदात की थी।
लव कुमार ने यह भी बताया कि उसी रात एक ओप्पो मोबाइल अवंति विहार चौक और एक आईटेल मोबाइल कुरूद रोड में झपटमारी कर चोरी किए थे। आरोपी की निशानदेही पर शांति नगर दशहरा मैदान में छिपाकर रखे गए तीन मोबाइल और एक हीरो स्ट्रिम मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-07 CT 9157) जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपी को 05.05.2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में वैशाली नगर पुलिस की सक्रिय भूमिका रही।