
कोरबा । कोरबा जिले में जिला खनिज प्रतिष्ठान फंड से जुड़ा एक बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर हुआ है। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक फूल सिंह राठिया के लेटरपैड का दुरुपयोग करते हुए अज्ञात व्यक्ति ने 20 लाख रुपए की राशि स्वीकृत करवा ली।
धोखाधड़ी का खुलासा
धोखाधड़ी तब सामने आई जब संबंधित विभाग द्वारा हस्ताक्षर की पुष्टि हेतु विधायक कार्यालय को पत्र भेजा गया। विधायक प्रतिनिधि प्रवीण ओगरे ने स्पष्ट किया कि न तो विधायक ने और न ही उनके कार्यालय ने इस प्रकार का कोई आवेदन किया था और न ही किसी फाइल पर स्वीकृति दी गई थी।
जांच और कार्रवाई
कोरबा के सीएसपी भूषण एक्का ने जानकारी दी कि करतला क्षेत्र में रामपुर विधायक के नाम से फर्जी लेटरपैड तैयार कर कलेक्टर कार्यालय में कार्य स्वीकृति हेतु दस्तावेज प्रस्तुत किए गए थे। शिकायत प्राप्त होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच प्रारंभ कर दी गई है। विधायक ने अपने प्रतिनिधि के माध्यम से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान कर रही है।
डीएमएफ फंड के दुरुपयोग की कई घटनाएं
मालूम हो कि कोरबा में डीएमएफ फंड के दुरुपयोग की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। खनिज न्यास मद के फंड में अनियमितताओं को लेकर कई मामले जांच एजेंसियों के पास लंबित हैं और कुछ मामलों में दोषियों पर कार्रवाई भी हो चुकी है।