
सरगुजा । सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र में राजमिस्त्री संदीप लकड़ा की जघन्य हत्याकांड के मुख्य आरोपित ठेकेदार अभिषेक पांडेय और उसके वाहन चालक राजा यादव को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की ओर से लगातार दबाव के कारण मुख्य आरोपित अभिषेक पांडेय न्यायालय में समर्पण करने आया था, जहां उसे पकड़ लिया गया।
राजमिस्त्री संदीप लकड़ा का 6 जून को अपहरण कर लिया गया था और 6 सितंबर को उसकी लाश मैनपाट के लुरैना से बरामद की गई थी। हत्या के बाद आरोपितों ने उसके शव को दफना दिया था और उसके ऊपर पानी टंकी का निर्माण कर दिया था।
मामले में अब तक 10 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है, जिनमें मुख्य आरोपित के जीजा सहित आठ लोग शामिल हैं। सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ने मुख्य आरोपित के विरुद्ध 30 हजार और पुलिस अधीक्षक सरगुजा ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस ने दोनों आरोपितों से हत्याकांड और फरार होने को लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।