
रायगढ़ । रायगढ़ में एक बच्चे का गुम हो जाने के बाद उसकी तालाश के लिए महिला पुलिसकर्मी द्वारा खर्चा मांगने का मामला सामने आया है। जिसकी शिकायत बच्चे की मां ने पुलिस अधीक्षक से कर दी है। मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है।
शिवानी सिंह ठाकुर का 5 साल का बच्चा 29 अगस्त को गुम हो गया। जिसके बाद उसने आसपास व अपने परिचितों के पास जाकर पूछताछ करते हुए उसकी खोजबीन की, लेकिन बच्चे का कुछ पता नहीं चल सका। ऐसे में 30 अगस्त को उसने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया। जहां मामले में पुलिस में रिपोर्ट तो दर्ज कर लिया, लेकिन बच्चे को अब तक नहीं खोज सकी।
शिवानी ने बताया कि 8 सितबंर को वह जूटमिल थाना पहुंची और वहां पदस्थ महिला पुलिसकर्मी रेखा नागरे से बच्चे के बारे में खोजबीन की बात को लेकर पूछताछ की तो उसने खर्चा दोगे तो खोजबीन करने की बात कही। जिसके बाद शिवानी ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक के नाम एसपी कार्यालय में महिला पुलिसकर्मी के खिलाफ लिखित में शिकायत करते हुए आवेदन सौंपा है।
मामले में पुलिस अधीक्षक ने जांच के आदेश दिए हैं।