
दुर्ग । दुर्ग से विशाखापट्टनम के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन जल्द ही शुरू होने वाली है! यह ट्रेन मात्र 8.30 घंटे में दुर्ग से विशाखापट्टनम के बीच 565 किमी का सफर तय करेगी, जो छत्तीसगढ़, ओडिशा और आंध्रप्रदेश के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।
ट्रेन की तैयारी
रेलवे ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं और आने वाले सप्ताह में ट्रेन का रैक दुर्ग पहुंचेगा। इसके बाद पहला ट्रायल रन 12 से 15 सितंबर के आसपास होगा। रायपुर रेल मंडल ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है और रेलवे बोर्ड से नोटिफिकेशन आते ही ट्रेन का परिचालन शुरू हो जाएगा।
ट्रेन का रूट और स्टॉपेज
यह ट्रेन दुर्ग से रायपुर, खरियार रोड, टिटिलागढ़ और विजयनगरम होते हुए विशाखापट्टनम पहुंचेगी। छत्तीसगढ़ में रायपुर, महासमुंद, ओडिशा में खरियार रोड, टिटिलागढ़, रायगढ़ा और आंध्रप्रदेश के विजयनगरम में स्टॉपेज होगा।
ट्रेन का शेड्यूल
यह ट्रेन दुर्ग से सुबह 6 बजे चलेगी और 565 किलोमीटर की दूरी तय कर दोपहर 2:30 बजे के करीब विशाखापट्टनम पहुंचेगी। वहां से दोपहर करीब 3 बजकर 15 बजे चलेगी और रात 11 बजकर 50 मिनट पर दुर्ग लौटेगी।
ट्रेन की साफ सफाई और रखरखाव
नई वंदे भारत ट्रेन की साफ सफाई और रखरखाव दुर्ग रेलवे स्टेशन के कोचिंग यार्ड में होगा। यहां पर वंदे भारत ट्रेन की रैक के अनुरूप एक पिट लाइन में आवश्यक फेरबदल कर व्यवस्था बना ली गई है।
टिटलागढ़ में स्टाफ होगा चेंज
इस ट्रेन को दुर्ग के लोको पायलट सहित अन्य रनिंग स्टाफ टिटिलागढ़ तक लेकर जाएंगे। आगे विशाखापट्टनम तक ट्रेन लेकर जाने की जवाबदेही टिटिलागढ़ का रनिंग स्टाफ संभालेगा। विशाखापट्टनम से वापसी के समय टिटिलागढ़ से फिर एक बार दुर्ग का स्टाफ ट्रेन को लेकर पहुंचेगा। इस ट्रेन के लिए चिन्हित पायलट और असिस्टेंट पायलट की ट्रेनिंग पहले ही पूरी हो चुकी है।