
भिलाई । समारोह की शुरुआत प्राचार्य श्री आर. पी. अग्रवाल द्वारा विधिवत पूजा एवं गणपति जी की मूर्ति की स्थापना से हुई। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों को शुभकामनाएं दीं और गणपति जी के आशीर्वाद से एक समृद्ध और सफल शैक्षणिक सत्र की कामना की। उप प्राचार्य श्री पी. एस. शर्मा ने भी अपने उद्बोधन में छात्रों को गणपति जी की उपासना के महत्व पर प्रकाश डाला और शिक्षा के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों की ओर से नागेश्वर यादव ने गणेश चतुर्थी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह पर्व नई शुरुआत, ज्ञान, और समृद्धि का प्रतीक है। गणपति जी को विघ्नहर्ता कहा जाता है, जो जीवन के सभी अवरोधों को दूर करते हैं और हमें नई ऊर्जा प्रदान करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि गणेश चतुर्थी हमें आत्मनिरीक्षण और समर्पण की भावना से प्रेरित करती है, जो न केवल व्यक्तिगत बल्कि सामूहिक विकास के लिए भी महत्वपूर्ण है।
छात्रों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी श्रद्धा और जोश को प्रकट किया। अनुराग गृहतलरे, अक्षय मिश्रा, रितेश नायर, पृथ्वी सिंह, हंसा, देबेशना, आदर्श, और विकी सहित सभी छात्रों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर पूरे कॉलेज में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा। गणपति स्थापना के बाद पूरे कॉलेज परिसर में प्रसाद वितरण भी किया गया। सभी छात्र-छात्राओं ने गणपति जी की आरती में भाग लिया और आगामी दिनों के लिए शुभकामनाएं प्राप्त कीं।
कार्यक्रम का समापन गणपति विसर्जन की घोषणा के साथ हुआ, जो आगामी दिनों में सम्पन्न होगा।