
मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में जीआरपी थाने में एक दादी-पोते की पिटाई का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मी दोनों को बुरी तरह पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी शासित मध्य प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लिया है।
पुलिस ने ट्वीट करके बताया कि यह मामला अक्टूबर 2023 का है और घटना संज्ञान में आने के बाद थाना प्रभारी को जीआरपी पुलिस लाइन जबलपुर अटैच किया गया है।
पीड़ित महिला ने मीडिया को बताया कि उन्हें पुलिस ने बुलाया था और पूछताछ के दौरान मारपीट की गई। महिला ने बताया कि उन्हें और उनके पोते को लात-घूंसों और प्लास्टिक के डंडे से पीटा गया। महिला ने कहा कि उन्होंने मारपीट की शिकायत की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई ।
महिला ने बताया कि मारपीट के कारण उन्हें सिविल अस्पताल में पांच दिन भर्ती रहना पड़ा, लेकिन वहां भी कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने बाहर के डॉक्टरों से दवाई कराई।