
गोविंदा चौहान । भिलाई । भिलाई-3 थाना अंतर्गत देर रात सामान्य सड़क हादसे के बाद शुरू हुआ विवाद आपसी मारपीट में तब्दील हो गया। इसे लेकर दोनों पक्ष के लोगों ने चक्का जाम कर दिया। इसके बाद भिलाई-3 थाना परिसर छावनी में तब्दील हो गया। पुलिस ने समुदाय विशेष के तीन युवक व अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात साढ़े 11 बजे भिलाई-3 में राम मंदिर के पास सामान्य दुर्घटना के चलते एक ट्रक खड़ा हो गया। इससे जाम लगने पर सामने जिम का संचालन करने वाले एकता नगर निवासी युवक पुष्पराज सिंह राजपूत ट्रक ड्राइवर से बात कर रहा था। तभी वहां पर शकील नामक युवक नशे की हालत में आकर पुष्पराज से भिड़ गया। बात हाथापाई तक पहुंच गई तो दोनों युवकों ने फोन करके अपने-अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। शकील के समर्थन में वहां पर आरिफ और असरफ नामक युवक आए और कथित रूप से पुष्पराज सिंह राजपूत से मारपीट किया। इसके साथ ही वहां पर भीड़ ने चक्का जाम भी कर दिया। खबर मिलते ही पुलिस भी वहां पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को थाने में बिठाकर समझाइश देते हुए माहौल को शांत कराया। वहीं पुष्पराज सिंह राजपूत की शिकायत पर शकील सहित आरिफ और असरफ सहित अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया। लेकिन रात अधिक होने व उनके नहीं मिलने पर गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
चक्का जाम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने काफिले के साथ दुर्ग जाते समय जाम में फंस गए। प्रदर्शनकारियों ने पूर्व मुख्यमंत्री को देखते ही नारेबाजी तेज कर दी। श्री बघेल अपनी गाड़ी से उतरकर प्रदर्शनकारियों के बीच बात करने पहुंचे। लेकिन माहौल गरमाता देख मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने श्री बघेल को सुरक्षा प्रदान करते हुए दुर्ग की ओर रवाना किया।
