साइबर ठगी के नेटवर्क का भंडाफोड़, बजरंग दल के दुर्ग जिला अध्यक्ष रवि भारती समेत 14 म्यूल खाताधारक गिरफ्तार

भिलाई/दुर्ग, 29 सितंबर 2026:
दुर्ग जिले में साइबर ठगी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले 14 कथित ‘म्यूल खाताधारकों’ को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते, एटीएम, पासबुक और चेकबुक साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इन खातों के जरिए ठगी की रकम का लेन-देन किया जाता था।

इस कार्रवाई में बजरंग दल के दुर्ग जिला अध्यक्ष रवि भारती का नाम भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, रवि भारती ने भी कथित तौर पर कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता साइबर अपराधियों के इस्तेमाल के लिए उपलब्ध कराया था। हालांकि, मामले में उनकी भूमिका और अन्य आरोपों की विस्तृत जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

थाना नेवई, थाना छावनी और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने तकनीकी इनपुट और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की। थाना नेवई क्षेत्र से 11 और थाना छावनी क्षेत्र से 3 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

पुलिस के मुताबिक, म्यूल खातों में देशभर से साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर की जाती थी, जिससे रकम को अलग-अलग खातों में घुमाकर मुख्य साइबर अपराधियों तक पहुंचाया जा सके। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित मास्टरमाइंड तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

दुर्ग पुलिस ने आम लोगों, खासकर युवाओं से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के कहने पर अपना बैंक खाता, एटीएम, पासबुक, चेकबुक या नेट बैंकिंग की जानकारी उपलब्ध न कराएं। साइबर अपराध में खाते के इस्तेमाल होने पर खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई की चपेट में आ सकता है।

साइबर ठगी का शिकार होने या अपने खाते के दुरुपयोग की आशंका होने पर तत्काल बैंक को सूचना देने के साथ साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *