
दुर्ग:: अंकिता:- बेलदारपारा स्थित खाली मैदान में अवैध रूप से धारदार हथियार लेकर घूम रहे 20 वर्षीय युवक को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लोहे का धारदार हथियार जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ धारा 25 आयुध अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, 2 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बेलदारपारा के खाली मैदान में एक व्यक्ति अपने पास लोहे का धारदार हथियार रखे हुए है। सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान धनेश्वर यादव (20), निवासी बजरंग नगर, कंडरापारा, दुर्ग के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक नग लोहे का धारदार हथियार बरामद हुआ। हथियार को जब्त कर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या अवैध हथियार संबंधी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।