
दुर्ग। जिले के नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) कौशलेंद्र देव पटेल ने 22 जुलाई 2026 को विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने यातायात जोन प्रभारियों, टैंगो टीम और उनके साथ तैनात अधिकारी-कर्मचारियों की बैठक लेकर जिले की यातायात व्यवस्था की समीक्षा की।
बैठक में यातायात व्यवस्था से जुड़ी मौजूदा चुनौतियों और सुधारात्मक उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी जोन प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण करने और जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं होने देने के निर्देश दिए गए।
पीक ऑवर यानी सुबह और शाम के समय प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही बाजार क्षेत्रों में शाम के समय बढ़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर ड्यूटी स्थल पर उपस्थित होकर अनुशासन, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने टीमवर्क और बेहतर समन्वय के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर भी जोर दिया।
बैठक के दौरान सड़क सुरक्षा, दुर्घटना नियंत्रण और यातायात नियमों के प्रभावी पालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही गई। हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ जनजागरूकता अभियानों को और प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात कौशलेंद्र देव पटेल ने कहा कि दुर्ग जिले में सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था स्थापित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। यातायात पुलिस आम नागरिकों की सुविधा, सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।