दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, 8,950 रुपए बरामद

भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र की स्मृतिनगर पुलिस चौकी ने दुकान में चोरी की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की 8,950 रुपए की नगदी बरामद की है।

जानकारी के मुताबिक, शांतिनगर भिलाई निवासी सुमंत कुमार मिश्रा कुरूद रोड, कोहका स्थित पी. मिश्रा एंड इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान का संचालन करते हैं। 18 जुलाई की रात दुकान बंद कर घर जाने के बाद अगले दिन सुबह जब वे दुकान पहुंचे, तो शटर टूटा हुआ मिला। जांच करने पर गल्ले में रखी करीब 60 हजार रुपए की नगदी चोरी होने की जानकारी मिली।

शिकायत पर स्मृतिनगर पुलिस चौकी में अपराध क्रमांक 1027/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही की तलाश शुरू की। पूछताछ में आरोपी शक्ति सिंह, उम्र 27 वर्ष, मूल निवासी बैरिया, जिला बलिया, उत्तर प्रदेश और वर्तमान निवासी रामनगर, भिलाई ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने रात के समय दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखी नगदी चोरी कर फरार हो गया था। आरोपी के कब्जे से चोरी की 8,950 रुपए की रकम बरामद कर जब्त की गई है।

आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने व्यापारियों और आम लोगों से प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या डायल-112 पर देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *