
दुर्ग । दुर्ग जिले के नंदिनी नगर थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना से तंग आकर नवविवाहिता द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे थे और सिमगा क्षेत्र में छिपकर रह रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, 7 अप्रैल 2026 को ग्राम सहगांव में एक नवविवाहिता ने कथित रूप से ससुराल पक्ष की लगातार दहेज मांग और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर ली थी। जांच के बाद नंदिनी नगर थाने में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान मिली मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर युवराज पटेल (29) और ओम प्रकाश पटेल (58) को सिमगा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही पुलिस ने लोगों से दहेज जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ आवाज उठाने और महिलाओं के साथ होने वाले किसी भी अपराध की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की है।