
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चंदनु थाना क्षेत्र के ग्राम तुमा में गुरुवार शाम एक महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। अज्ञात आरोपियों ने महिला की हत्या करने के बाद उसके शव के कई टुकड़े कर उन्हें चादर में लपेटकर सुनसान जगह पर फेंक दिया था।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर चंदनु थाना पुलिस और एफएसएल की टीम पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
प्रारंभिक जांच में मृतका की पहचान सोनपुरी गांव की रहने वाली महिला के रूप में होने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस अभी आधिकारिक रूप से पहचान की पुष्टि और परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया पूरी कर रही है। फिलहाल हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।