छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 64 निरीक्षकों के तबादले, दुर्ग के 7 इंस्पेक्टर बदले, 3 नए अफसरों की एंट्री

दुर्ग। छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस मुख्यालय रायपुर ने 64 पुलिस निरीक्षकों (इंस्पेक्टरों) की तबादला सूची जारी की है। इस फेरबदल का असर दुर्ग जिले पर भी पड़ा है। जिले से 7 निरीक्षकों का अन्य जिलों में तबादला किया गया है, जबकि 3 नए निरीक्षकों की दुर्ग जिले में पदस्थापना की गई है।

जारी आदेश के अनुसार, सुपेला थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज का तबादला कांकेर, जामुल थाना प्रभारी रामेंद्र कुमार सिंह का कोंडागांव और उतई थाना प्रभारी राजेश कुमार साहू का सुकमा किया गया है। वहीं खुर्सीपार थाना के निरीक्षक आनंद शुक्ला को बीजापुर, ट्रैफिक शाखा के निरीक्षक मनीष शर्मा को दंतेवाड़ा भेजा गया है। इसके अलावा निरीक्षक श्रद्धा पाठक (मिश्रा) और निरीक्षक वंदिता पानिकर का तबादला भी कोंडागांव किया गया है।

वहीं दुर्ग जिले को तीन नए निरीक्षक मिले हैं। राकेश कुमार खुटेश्वर का नारायणपुर से, राजकुमारी पांडेय का कोंडागांव से और मो. तारीक हारिश का बस्तर से दुर्ग तबादला किया गया है। इन अधिकारियों को जल्द ही जिले में नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।

हाल ही में सुपेला और उतई सहित कुछ थानों में नए थाना प्रभारियों की नियुक्ति हुई थी। अब इस नई तबादला सूची के बाद जिले के कई थानों और शाखाओं में एक बार फिर जिम्मेदारियों में बदलाव तय माना जा रहा है। हालांकि, नए अधिकारियों को किस थाना या शाखा की कमान मिलेगी, इसका फैसला जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी किए जाने वाले स्थानीय पदस्थापना आदेश के बाद ही स्पष्ट होगा।

पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेश पर पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम के हस्ताक्षर हैं। सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल के बाद प्रदेश के कई जिलों में थाना प्रभारियों और शाखा प्रभारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *