पुरानी रंजिश में घर पर हमला, गाली-गलौज, मारपीट और तोड़फोड़; दो आरोपी गिरफ्तार, धारदार हथियार बरामद

दुर्ग। पुरानी रंजिश के चलते एक महिला के घर पहुंचकर गाली-गलौज, मारपीट, जान से मारने की धमकी और तोड़फोड़ करने वाले दो आरोपियों को जामुल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया एक धारदार हथियार भी बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, 7 जुलाई की रात करीब 11:30 बजे घासीदास नगर अटल आवास निवासी लक्ष्मी यादव ने थाना जामुल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि पूर्व विवाद को लेकर कुछ लोग उसके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोपियों ने घर के दरवाजे, खिड़की के कांच, बिजली मीटर समेत अन्य सामान में भी तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर थाना जामुल में अपराध क्रमांक 475/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाश कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पी. शेखर (22) निवासी घासीदास नगर, जामुल और अभिषेक सिंह उर्फ मेडी (19) निवासी कैलाश नगर, एकता चौक, भिलाई के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया एक धारदार हथियार जब्त किया है।

दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *