दुर्ग पुलिस का वारंटियों पर बड़ा अभियान: 3 दिनों में 274 वारंट तामील, 107 गिरफ्तारी और 167 स्थायी वारंटों का सफल निष्पादन

दुर्ग। फरार वारंटियों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। 5 से 7 जुलाई 2026 तक जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में संचालित अभियान के दौरान पुलिस ने 107 गिरफ्तारी वारंट और 167 स्थायी वारंट तामील करते हुए कुल 274 वारंटों का सफल निष्पादन किया। सभी वारंटियों को गिरफ्तार कर नियमानुसार न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में चलाए गए इस अभियान में थाना और चौकी प्रभारियों को लंबित वारंटों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने के निर्देश दिए गए थे।

अभियान के दौरान अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर वारंटियों के संभावित ठिकानों, निवास, रिश्तेदारों के घरों सहित अन्य स्थानों पर लगातार दबिश दी गई। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और तकनीकी सहायता के साथ स्थानीय सूचनाओं के आधार पर फरार वारंटियों की तलाश कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

दुर्ग पुलिस के अनुसार यह अभियान लंबित वारंटों के प्रभावी निष्पादन, न्यायालयीन आदेशों के पालन और जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

अभियान का संक्षिप्त आंकड़ा:

• गिरफ्तारी वारंट तामील – 107

• स्थायी वारंट तामील – 167

• कुल वारंट तामील – 274

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *