
भिलाई। सुपेला पुलिस ने अपहरण कर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों और चार नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने स्कूटी खरीदने का बहाना बनाकर युवक का अपहरण किया, उसके साथ मारपीट की और नकदी, मोबाइल, स्कूटी, चांदी के आभूषण समेत कुल 87,180 रुपये की लूट को अंजाम दिया। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, बालोद जिले के डौंडी निवासी युवक 2 जुलाई की रात अपने रिश्तेदार के साथ दुर्ग-भिलाई घूमने आया था। तड़के करीब 4:30 बजे गदा चौक स्थित पुरानी शराब भट्ठी के पास उसकी स्कूटी खराब हो गई। मदद मांगने पर वहां मौजूद युवकों ने स्कूटी चोरी की होने का संदेह जताया और अपने अन्य साथियों को बुला लिया। इसके बाद युवक और उसके साथी का जबरन अपहरण कर अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर मारपीट की गई।
आरोपियों ने पीड़ित से चांदी की अंगूठियां, चांदी का ब्रेसलेट, स्कूटी, दो मोबाइल फोन, नकदी, पर्स, जरूरी दस्तावेज और इलेक्ट्रिकल काम का सामान लूट लिया। इसके अलावा धमकाकर डिजिटल पेमेंट के जरिए 18,180 रुपये भी जबरन अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। बाद में पुलगांव इलाके में ले जाकर धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और शिकायत न करने के लिए जबरन वीडियो भी बनवाया।
मामला दर्ज होने के बाद सुपेला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित से पहचान कराकर सोहेल खान (19) और पंकज विश्वकर्मा (18) को गिरफ्तार किया। इनके साथ वारदात में शामिल चार नाबालिगों को भी पकड़ा गया है। सभी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सामान और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए हैं।