
दुर्ग। नेवई थाना क्षेत्र में घर में घुसकर बुजुर्ग दंपत्ति को धारदार हथियार दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को दुर्ग पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, धारदार हथियार और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को प्रगति नगर स्थित शुभकामना हाइट्स निवासी वी. कुमार ने नेवई थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 4 जुलाई को उनके प्लांट ड्यूटी पर रहने के दौरान घर में काम करने वाली महिला ने सूचना दी कि फ्लैट में एक अज्ञात युवक चेहरे पर कपड़ा बांधकर घुस आया। आरोपी ने बुजुर्ग दंपत्ति को धारदार हथियार दिखाकर डरा-धमकाया और सोने-चांदी तथा नकदी की मांग की। इसके बाद वह सोने का नेकलेस लेकर फरार हो गया।
मामले में अपराध दर्ज कर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और तकनीकी साक्ष्यों के साथ गवाहों के बयान के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद 21 वर्षीय विभान्शु महोबिया को गिरफ्तार किया गया। आरोपी मूल रूप से मध्यप्रदेश के मंडला जिले का रहने वाला है और फिलहाल भिलाई नगर क्षेत्र में रह रहा था।
पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, धारदार हथियार और वारदात के समय पहने गए कपड़े जब्त किए। 6 जुलाई को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने लूट की नीयत से घर में घुसकर बुजुर्ग दंपत्ति को डराकर संपत्ति हासिल करने का प्रयास किया था।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।