
दुर्ग, 23 जून 2026। दुर्ग के धमधा नाका मंडी क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले दो युवकों को मोहन नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो बटनदार स्टील के धारदार हथियार बरामद किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 जून को थाना मोहन नगर पुलिस पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि धमधा नाका मंडी के पास दो युवक धारदार हथियार लहराकर आम लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया।
तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के पास से एक-एक बटनदार स्टील का धारदार हथियार बरामद हुआ। बिना वैधानिक अनुमति के हथियार रखने और सार्वजनिक स्थान पर उसका प्रदर्शन कर लोगों में भय का माहौल बनाने पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शैलेन्द्र पाण्डेय उर्फ चिन्टू (26 वर्ष), निवासी तितुरडीह, भगत सिंह स्कूल के पास, थाना मोहन नगर और सोहेल खान उर्फ बाबू (23 वर्ष), निवासी केजीएन चौक, केलाबाड़ी, थाना पद्मनाभपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन, असामाजिक गतिविधियों या कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।