


दुर्ग, 23 जून 2026। अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन विश्वास” के तहत दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के परिवहन और बिक्री में संलिप्त छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध शराब, नकदी और एक मोटर साइकिल जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 और 22 जून 2026 को थाना उतई, रानीतराई, खुर्सीपार और छावनी क्षेत्र में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पांच अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
थाना उतई क्षेत्र के ग्राम पतोरा में पुलिस ने पुरेंद्र ठाकुर और शिवराम यादव को मोटर साइकिल से 32 पौवा अवैध शराब का परिवहन करते हुए पकड़ा। वहीं मुक्तिधाम रोड पतोरा से दिलेश कुमार पारधी के कब्जे से 30 पौवा अवैध शराब बरामद की गई।
थाना रानीतराई क्षेत्र के ग्राम घोरारी में आरोपी नोगेंद्र बंजारे को अवैध शराब बिक्री करते हुए गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 138 पौवा शोले प्लेन, 42 पौवा शोले मसाला और 23 पौवा गोवा अंग्रेजी शराब सहित कुल 203 पौवा शराब तथा बिक्री की 700 रुपये की रकम जब्त की गई।
इसी तरह थाना खुर्सीपार क्षेत्र के उड़िया बस्ती बापूनगर में मुबारक हुसैन के कब्जे से 32 पौवा अवैध शराब और 6 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। थाना छावनी क्षेत्र के शीतला मंदिर कॉम्प्लेक्स खंडहर के पास शुभम तागड़े के कब्जे से 14 बोतल शराब और 200 रुपये बिक्री रकम जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 297 पौवा, 14 बोतल अवैध शराब, 20,780 रुपये नकद तथा परिवहन में प्रयुक्त मोटर साइकिल क्रमांक CG-07-KA-5938 जब्त की है।
सभी आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
1 पुरेंद्र ठाकुर (35 वर्ष), निवासी ग्राम बोरहाडीह, थाना उतई, जिला दुर्ग।
2 शिवराम यादव (50 वर्ष), निवासी ग्राम चुनकट्टा, थाना उतई, जिला दुर्ग।
3 दिलेश कुमार पारधी (24 वर्ष), निवासी ग्राम गनियारी, थाना उतई, जिला दुर्ग।
4 नोगेंद्र बंजारे (45 वर्ष), निवासी ग्राम घोरारी, थाना रानीतराई, जिला दुर्ग।
5 मुबारक हुसैन (70 वर्ष), निवासी उड़िया बस्ती, बापूनगर, खुर्सीपार, जिला दुर्ग।
6 शुभम तागड़े (26 वर्ष), निवासी निषाद सेवा समिति के पास, छावनी, जिला दुर्ग।