नशे के खिलाफ उतई पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब परिवहन और बिक्री करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार



दुर्ग, 22 जून 2026। नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत उतई पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन और बिक्री में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 62 पौवा देसी शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 21 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 KA 5938 के जरिए ग्राम पतोरा क्षेत्र में अवैध रूप से शराब का परिवहन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर उतई पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की और मौके से दो आरोपियों को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम पुरेंद्र ठाकुर और शिवराम यादव बताए। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से एक प्लास्टिक बोरी में रखे 32 पौवा देसी प्लेन शराब (5.76 बल्क लीटर) बरामद कर जब्त की गई। इस मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
इसी दौरान पुलिस को एक अन्य सूचना मिली कि मुक्तिधाम रोड, ग्राम पतोरा में एक व्यक्ति अवैध शराब बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर पुलिस ने रेड कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम दिलेश कुमार पारधी बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 30 पौवा देसी मसाला शराब (5.40 बल्क लीटर) बरामद कर जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अधिक आर्थिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से अवैध रूप से शराब का परिवहन और बिक्री कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपी :
1 पुरेंद्र ठाकुर (35 वर्ष), निवासी ग्राम बोरहाडीह, थाना उतई, जिला दुर्ग।
2 शिवराम यादव (50 वर्ष), निवासी ग्राम चुनकट्टा, थाना उतई, जिला दुर्ग।
3 दिलेश कुमार पारधी (24 वर्ष), निवासी ग्राम गनियारी, जिला दुर्ग।
जप्त सामग्री :
• 32 पौवा देसी प्लेन शराब शोले (5.76 बल्क लीटर), कीमत लगभग 3,200 रुपए।
• 30 पौवा देसी मसाला शराब शोले (5.40 बल्क लीटर), कीमत लगभग 3,000 रुपए।
• मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 KA 5938।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *