पान ठेला का ताला तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 24 घंटे के भीतर नेवई पुलिस ने बरामद की 53 हजार की संपत्ति



भिलाई, 21 जून 2026। नेवई पुलिस ने पान ठेला में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई संपत्ति बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 53 हजार रुपए मूल्य की चोरी की सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने थाना नेवई में शिकायत दर्ज कराई थी कि 20 जून की रात वह अपने पान ठेला में ताला लगाकर घर चला गया था। अगले दिन सुबह करीब 7 बजे जब वह ठेला पहुंचा तो देखा कि ताला टूटा हुआ था और गल्ले में रखी नकदी के साथ सिगरेट, गुटखा, माचिस, कोल्ड्रिंक सहित अन्य सामग्री चोरी हो चुकी थी।
शिकायत के आधार पर थाना नेवई में अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक और एक विधि-विरुद्ध बालक मोटरसाइकिल से घूम-घूमकर सिगरेट, गुटखा और कोल्ड्रिंक बेच रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपियों ने पान ठेला का ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया। जांच में सामने आया कि कार्तिक नाग उर्फ करन ने अपने विधि-विरुद्ध बालक साथी के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने आर्थिक लाभ प्राप्त करने और चोरी की गई सामग्री बेचकर पैसा कमाने की नीयत से वारदात को अंजाम दिया था।
गिरफ्तार आरोपी :
कार्तिक नाग उर्फ करन (21 वर्ष), निवासी रिसाली भाठा, मोहन किराना के पास, भिलाई।
जप्त सामग्री :
• चोरी की नकदी रकम
• सिगरेट, गुटखा, माचिस, कोल्ड्रिंक सहित अन्य सामग्री
• कुल जप्त संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 53 हजार रुपए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *