
भिलाईनगर। सेक्टर-7 स्थित महाराणा प्रताप भवन छात्रावास में रहने वाले एक 19 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद भिलाई नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान निखिल पौसार्य (19) पिता प्रहलाद पौसार्य निवासी पंडरिया, जिला कबीरधाम के रूप में हुई है। निखिल भिलाई में रहकर पढ़ाई कर रहा था और सेक्टर-6 स्थित साईं महाविद्यालय में बीएससी बायो प्रथम वर्ष का छात्र था। वह पिछले करीब एक वर्ष से भिलाई नगर रेलवे स्टेशन के समीप स्थित महाराणा प्रताप भवन छात्रावास में रह रहा था।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह काफी देर तक निखिल अपने कमरे से बाहर नहीं निकला। इस पर छात्रावास में रहने वाले अन्य छात्रों को संदेह हुआ और उन्होंने इसकी सूचना छात्रावास प्रबंधन तथा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे के भीतर निखिल मृत अवस्था में मिला।
पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना परिजनों को भी दे दी गई है।
प्रारंभिक जांच में मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर उसकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार घटना वाली रात कुछ छात्रों ने निखिल से साथ रुकने की बात कही थी, लेकिन उसने अकेले रहने की इच्छा जताई थी।
भिलाई नगर के सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल जांच के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल भिलाई नगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।