
भिलाई। दुर्ग पुलिस ने अवैध जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खुर्शीपार क्षेत्र में संचालित जुआ फड़ पर छापा मारकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नगदी रकम, कार, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन समेत कुल 16 लाख 70 हजार 615 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि खुर्शीपार थाना क्षेत्र के सड़क एवेन्यू क्वार्टर नंबर 6 स्थित एक मकान में रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेला जा रहा है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में ACCU और खुर्शीपार थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान मकान के अंदर जुआ खेलते और खिलाते पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। मौके से 92 हजार 615 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश की दो गड्डियां, दो कार, दो मोटरसाइकिल, विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन, प्लास्टिक कुर्सियां और टेबल सहित अन्य सामग्री जब्त की गई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी अवैध रूप से आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से जुआ फड़ संचालित कर रहे थे। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 4, 5 एवं धारा 112 बीएनएस के तहत अपराध क्रमांक 185/2026 दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में जानकी रमैया निवासी सड़क नंबर 2 भिलाई, जितेंद्र सिंह निवासी केएलसी काली मंदिर के पीछे खुर्शीपार, अशोक कुमार सोनी निवासी दुर्गा नगर सपना टॉकीज के पीछे, मोहम्मद अनीस निवासी दुर्गा नगर पावर हाउस छावनी तथा रवि कुमार निवासी सेक्टर 11 खुर्शीपार शामिल हैं।