बिटकॉइन में मोटे मुनाफे का झांसा देकर 7.50 लाख की ठगी, आरोपी रायपुर से गिरफ्तार


दुर्ग। बिटकॉइन में निवेश कर हर महीने 12 से 13 प्रतिशत लाभ दिलाने का लालच देकर 7 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक शिक्षक नगर, मिनी स्टेडियम के पास दुर्ग निवासी देवकी सोनकर ने 9 अप्रैल 2024 को थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि पीलादास मानिकपुरी ने बिटकॉइन में निवेश कराने और हर महीने भारी मुनाफा दिलाने का भरोसा दिलाकर अलग-अलग समय में नगद और यूपीआई के माध्यम से कुल 7.50 लाख रुपये लिए थे।
शुरुआत में आरोपी ने भरोसा जीतने के लिए कुछ रकम वापस भी की, लेकिन बाद में बाकी पैसे लौटाने से बचने लगा और प्रार्थिया से संपर्क बंद कर दिया। मामले की जांच के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 183/2026 धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान आरोपी पीलादास मानिकपुरी, उम्र 48 वर्ष, निवासी चंगोराभाठा बिजली ऑफिस के पास, थाना डी.डी. नगर रायपुर को चिन्हित कर पुलिस ने रायपुर से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लगभग 10 हजार रुपये कीमत का वीवो मोबाइल फोन जब्त किया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन निवेश, ट्रेडिंग या अधिक मुनाफे के प्रलोभन में आने से पहले संबंधित व्यक्ति और संस्था की पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें तथा किसी भी संदिग्ध वित्तीय गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *