भीषण गर्मी की चपेट में छत्तीसगढ़, दुनिया के 50 सबसे गर्म शहरों में बिलासपुर-दुर्ग समेत 4 शहर शामिल


रायपुर। देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। छत्तीसगढ़ में भी तापमान लगातार रिकॉर्ड तोड़ रहा है। प्रदेश के कई शहरों में पारा 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। हालात इतने गंभीर हैं कि दुनिया के 50 सबसे गर्म शहरों की सूची में छत्तीसगढ़ के चार शहर शामिल हो गए हैं।
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, इस समय दुनिया के सबसे गर्म 50 शहर भारत में दर्ज किए गए हैं। इस सूची में ओडिशा का बलांगीर 45 डिग्री तापमान के साथ सबसे ऊपर है। वहीं छत्तीसगढ़ के बिलासपुर, दुर्ग, भिलाई और रायपुर भी भीषण गर्मी की चपेट में हैं।
छत्तीसगढ़ के सबसे गर्म शहर
बिलासपुर – 44°C
दुर्ग – 44°C
भिलाई – 43°C
रायपुर – 43°C
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले पांच दिनों तक मध्य छत्तीसगढ़ और बिलासपुर संभाग के कुछ इलाकों में हीट वेव यानी लू चलने की संभावना बनी रहेगी। कई राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
विशेषज्ञों के अनुसार, लगातार चल रही गर्म और सूखी हवाएं, साफ आसमान और मानसून में देरी इस भीषण गर्मी की बड़ी वजह है। दोपहर के समय गर्म हवाओं ने लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर दिया है।
लू लगने के लक्षण
• तेज बुखार
• चक्कर आना
• सिरदर्द
• उल्टी और मितली
• बेहोशी
• शरीर का लाल और सूखा पड़ना
ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत व्यक्ति को छांव या ठंडी जगह पर ले जाकर पानी या ORS देना चाहिए। हालत गंभीर होने पर तुरंत अस्पताल पहुंचाने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग की सलाह
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से ज्यादा से ज्यादा पानी, ORS, छाछ, नींबू पानी और अन्य तरल पदार्थ लेने की अपील की है। साथ ही तरबूज, खीरा, ककड़ी और मौसमी फलों का सेवन बढ़ाने की सलाह दी गई है।
धूप में निकलते समय सिर को गमछा, टोपी या छाते से ढंकने, हल्के और ढीले कपड़े पहनने तथा खाली पेट घर से बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी गई है। वहीं चाय, कॉफी और ज्यादा तले-भुने भोजन से बचने को कहा गया है।
बच्चों और बुजुर्गों का रखें खास ध्यान
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बच्चे, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाएं लू से सबसे ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे में परिवार के लोगों को उनका विशेष ध्यान रखने और तेज धूप से बचाने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *