
जगदलपुर। जिले के एकीकृत बाल विकास परियोजना दरभा अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत ग्राम पंचायत छिन्दगुर और छिन्दावाड़ा में कार्यकर्ता के एक-एक पद तथा ग्राम पंचायत अलवा में सहायिका के एक पद पर नियुक्ति की जाएगी।
इच्छुक महिला अभ्यर्थी 06 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन पोर्टल https://aww.e-bharti.in/� पर जाकर आवेदन कर सकती हैं और आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सकती हैं।
आवेदन के लिए आयु सीमा 18 से 44 वर्ष निर्धारित की गई है तथा अभ्यर्थी का संबंधित ग्राम का निवासी होना अनिवार्य है, जहां आंगनबाड़ी केंद्र स्थित है। शैक्षणिक योग्यता के अनुसार कार्यकर्ता पद के लिए 12वीं उत्तीर्ण और सहायिका पद के लिए 8वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है।
यदि किसी केंद्र में निर्धारित योग्यता वाली अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होती है, तो नियमानुसार कम शिक्षित महिलाओं के आवेदन पर भी विचार किया जा सकता है।
यह नियुक्तियां पूर्णतः मानसेवी और अशासकीय होंगी, जिनमें शासन द्वारा निर्धारित मानदेय दिया जाएगा। चयन प्रक्रिया में विधवा, परित्यक्ता और गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाली महिलाओं को प्राथमिकता देते हुए अतिरिक्त अंक देने का प्रावधान रखा गया है।
आवेदकों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि 20 अप्रैल 2026 से पहले आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कर लें, क्योंकि इसके बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।