कबीरधाम पुलिस की सतर्क कार्यवाही, अवैध गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार, मादक पदार्थ, नगदी एवं मोबाइल जप्त

सत्येन्द्र बडघरे कवर्धा – जिला कबीरधाम में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु पुलिस अधीक्षक कबीरधाम धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कवर्धा आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना पिपरिया पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए अवैध गांजा परिवहन कर बिक्री करने की फिराक में घूम रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 13.03.2026 को थाना पिपरिया पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम दशरंगपुर निवासी एक व्यक्ति अपने पास काले रंग के बैग में मादक पदार्थ गांजा लेकर ग्राहक की तलाश में दुधिया रोड की ओर से पैदल आ रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना पिपरिया पुलिस द्वारा रोजनामचा में सूचना दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करते हुए गवाहों एवं पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर रवाना होकर दुधिया रोड के पास घेराबंदी की गई।

कुछ समय पश्चात मुखबिर के बताए हुलिये का एक व्यक्ति अपने पीठ पर काले रंग का बैग लटकाए हुए आता दिखाई दिया, जिसे रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना नाम अजय गणवीर पिता अशोक गणवीर निवासी दशरंगपुर बताया। संदेही को उसके संवैधानिक अधिकारों से अवगत कराते हुए एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के अनुसार वैधानिक कार्यवाही की गई तथा गवाहों की उपस्थिति में उसके कब्जे में रखे बैग की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान बैग के अंदर रखे दो पॉलिथीन में मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। मौके पर तौल कराने पर उक्त मादक पदार्थ का कुल वजन 2.821 किलोग्राम पाया गया। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत लगभग 1,05,350 रुपये आँकी गई। इसके अतिरिक्त आरोपी के कब्जे से नगदी रकम 67,150 रुपये तथा एक नग एंड्रॉयड मोबाइल फोन कीमत लगभग 15,000 रुपये भी जप्त किया गया। इस प्रकार कुल जुमला कीमती 1,87,500 रुपये का सामान विधिवत जप्त किया गया।

उक्त कार्यवाही के आधार पर आरोपी अजय गणवीर के विरुद्ध थाना पिपरिया में अपराध क्रमांक 86/2026 धारा 20(बी)2(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है तथा आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्यवाही की जा रही है।

कबीरधाम पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की जाती है कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों का अवैध कारोबार होता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *