होली से पहले दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 दिन में 121 आदतन आरोपी जेल भेजे


दुर्ग । दुर्ग जिले में होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया है। कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आदतन अपराधियों, धारदार हथियार रखने वालों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है।
अभियान के तहत 1 मार्च 2026 को अशांति फैलाने की आशंका के आधार पर 97 आदतन आरोपियों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया। इससे पहले 28 फरवरी 2026 को भी 24 आरोपियों पर इसी प्रकार की कार्रवाई की गई थी। इस तरह पिछले दो दिनों में कुल 121 असामाजिक तत्वों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।
थाना-वार कार्रवाई में दुर्ग से 08, मोहन नगर से 14, पद्मनाभपुर से 05, पुलगांव से 01, अंजोरा से 10, जेवरा सिरसा से 01, नगपुरा से 01, नेवई से 03, वैशाली नगर से 03, सुपेला से 06, स्मृतिनगर से 01, छावनी से 06, जामुल से 15, खुर्सीपार से 03, पुरानी भिलाई से 10, कुम्हारी से 04, पाटन से 08, उतई से 08, रानीतराई से 01, अण्डा से 02, जामगांव आर से 01, अमलेश्वर से 03, धमधा से 04 तथा नंदिनी से 03 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई में जिले के सभी थाना प्रभारियों, थाना स्टाफ, विशेष शाखा और पेट्रोलिंग टीम ने समन्वित रूप से सक्रिय भूमिका निभाई।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *