
दुर्ग । होली पर्व के मद्देनज़र विशेष चेकिंग अभियान के दौरान लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वाले चालक पर वैधानिक कार्यवाही की गई। थाना भिलाई नगर द्वारा होली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया जा रहा था। इसी दौरान सिविक सेंटर क्षेत्र में खतरनाक ढंग से वाहन चलाते चालक के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की गई और वाहन क्रमांक CG 08 AN 3288 को रोककर वैधानिक पूछताछ की गई। आरोपी के विरुद्ध बीएनएस एवं मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी एवं प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई।
संक्षिप्त विवरण :
होली पर्व के दौरान कानून एवं यातायात व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से दिनांक 01.03.2026 को थाना भिलाई नगर पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। अभियान के दौरान सिविक सेंटर मिनी मार्केट क्षेत्र में एक कार चालक द्वारा भीड़भाड़ वाले स्थान पर तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए एक व्यक्ति के समीप से खतरनाक ढंग से वाहन मोड़ने की सूचना प्राप्त हुई।
प्रार्थी द्वारा थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह चाय दुकान के पास खड़ा था, तभी वाहन क्रमांक CG 08 AN 3288 के चालक द्वारा तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाते हुए पीछे से कट मारा गया, जिससे गंभीर दुर्घटना की संभावना उत्पन्न हुई।
सूचना पर पेट्रोलिंग एवं चेकिंग टीम द्वारा तत्काल वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की गई। चालक द्वारा कृत्य स्वीकार किए जाने पर उसके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की गई।
उक्त कृत्य को सार्वजनिक सुरक्षा के लिए जोखिमपूर्ण मानते हुए आरोपी के विरुद्ध धारा 281 बीएनएस, धारा 184 मोटर व्हीकल एक्ट तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 126, 130, 177 एवं प्रतिबंधात्मक कार्यवाही अंतर्गत धारा 170 बीएनएसएस के तहत विधिसम्मत कार्यवाही की गई।
घटनास्थल :
सिविक सेंटर मिनी मार्केट, भिलाई नगर, जिला दुर्ग
आरोपी का नाम :
स्वपनील कोठारी, उम्र 21 वर्ष, निवासी दयानगर रिसाली, थाना नेवई, जिला दुर्ग
जप्त सामग्री :
प्रकरण में वैधानिक चालानी कार्यवाही की गई।
सराहनीय भूमिका :
उक्त कार्यवाही में थाना भिलाई नगर की पेट्रोलिंग एवं विशेष चेकिंग टीम के अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा तत्परता एवं सतर्कता के साथ प्रभावी कार्रवाई की गई।