
दुर्ग। जमीन बेचने के नाम पर 13 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को छावनी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में अपराध क्रमांक 109/2026 धारा 318(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पंजाब नेशनल बैंक के 5 हस्ताक्षरित चेक और जमीन संबंधी दस्तावेज जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वर्ष 2024 में आरोपी ने ग्राम जंजगिरी स्थित जमीन को अपनी बताकर बेचने का सौदा किया। आरोपी ने किश्तों में कुल 13 लाख रुपये लेकर रजिस्ट्री कराने का भरोसा दिलाया, लेकिन बाद में जमीन किसी अन्य व्यक्ति के नाम पंजीकृत पाई गई। आरोप है कि आरोपी ने रकम का निजी उपयोग कर लिया।
रिपोर्ट के आधार पर छावनी थाना में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी जगजीत उर्फ करण सिंह (32), निवासी मंडल टाउन नेहरू नगर, थाना सुपेला, जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
जप्त सामग्री:
पंजाब नेशनल बैंक के 5 हस्ताक्षरित चेक
भूमि विक्रय संबंधी दस्तावेजों की प्रतियां
पुलिस की अपील:
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जमीन की खरीद-फरोख्त से पहले दस्तावेजों का सही तरीके से सत्यापन करें और किसी भी संदिग्ध आर्थिक लेनदेन की सूचना तुरंत पुलिस को दें। धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।