लाल सिग्नल तोड़ने और नशे में वाहन चलाने पर कार्रवाई, फर्जी प्रेस कार्ड दिखाकर दबाव बनाने की कोशिश नाकाम


दुर्ग। यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए दुर्ग यातायात पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। इसी क्रम में 3 फरवरी 2026 को नेहरू नगर चौक पर एक स्विफ्ट कार चालक द्वारा लाल सिग्नल होने के बावजूद अनाधिकृत हूटर/सायरन बजाते हुए सिग्नल पार करने का प्रयास किया गया।
मौके पर मौजूद यातायात पेट्रोलिंग टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को तुरंत रोका। जांच के दौरान चालक का व्यवहार संदिग्ध पाए जाने पर ब्रीथ एनालाइजर से जांच की गई, जिसमें वह नशे की हालत में वाहन चलाते पाया गया। साथ ही वाहन में अनाधिकृत हूटर/सायरन का उपयोग भी सामने आया।
जांच के दौरान चालक ने स्वयं को पत्रकार बताकर कथित प्रेस कार्ड दिखाते हुए पुलिस कार्रवाई पर दबाव बनाने का प्रयास किया। पहचान पत्र की विधिवत जांच करने पर वह फर्जी पाया गया। किसी भी प्रकार के दबाव को नजरअंदाज करते हुए पुलिस द्वारा निष्पक्ष और कानूनी कार्रवाई की गई।
मामले को गंभीर यातायात उल्लंघन मानते हुए संबंधित चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 (नशे में वाहन चलाना), 184 (खतरनाक वाहन चालन) और 119(3) (अनाधिकृत हूटर/सायरन का प्रयोग) के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई में यातायात पेट्रोलिंग टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की सतर्कता और तत्परता सराहनीय रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *