
दुर्ग। जिले में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए दुर्ग पुलिस ने 8 फरवरी 2026 को विभिन्न थाना क्षेत्रों में संयुक्त टीम गठित कर नाकाबंदी और संदिग्धों की सघन जांच की। कार्रवाई के दौरान 6 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 8 चोरी प्रकरणों का खुलासा किया गया। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी सहित कुल ₹7,15,820 मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है।

तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने मठ पुरैना (रायपुर) क्षेत्र में घेराबंदी कर तीन मुख्य आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने सुनसान मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। वे मठ पुरैना में इडली-डोसा का व्यवसाय करते थे और इसी दौरान चोरी की योजना बनाते थे।
गिरफ्तार आरोपी
1 मनीष अमरिया (25 वर्ष) – निवासी ग्राम लखौली, जिला राजनांदगांव (पूर्व में 10 प्रकरण दर्ज)
2 जितेन्द्र मायकरवाडे (23 वर्ष) – निवासी ग्राम लखौली, जिला राजनांदगांव
3 रवि साहू (23 वर्ष) – निवासी ग्राम लखौली, जिला राजनांदगांव
4 धर्मेन्द्र साहू (33 वर्ष) – चोरी का माल खरीदने वाला
5 उमेश उर्फ पिंटू सोनी (35 वर्ष) – खरीददार
6 प्रकाश सोनी (38 वर्ष) – खरीददार
घटनाओं का खुलासा
आरोपियों ने नवंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच नंदनी, रानीतराई, उतई, अमलेश्वर, पाटन सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों के ग्राम अछोटी, औसर, गोडपेण्ड्री, झीट, चंगोरी, अरसनारा, तर्रा और बठेना में सूने मकानों को निशाना बनाया। वारदातों में सोने के लॉकेट, अंगूठी, टॉप्स, गुलबंद, गेहूं दाना, चांदी की पायल-बिछिया तथा नकदी चोरी की गई।
जब्त सामग्री
• सोने-चांदी के जेवरात (लॉकेट, अंगूठी, चेन, पायल आदि)
• नकद राशि ₹12,800
• कुल जब्ती – ₹7,15,820 (अनुमानित मूल्य)
आरोपियों के खिलाफ संबंधित अपराध क्रमांकों में धारा 331(3) एवं 305 बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।