

दुर्ग |
युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने और शहर में बढ़ते नशे के प्रचलन पर रोक लगाने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने बड़ी और समन्वित कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ 35 से अधिक पुलिस टीमों ने रेड कार्रवाई करते हुए ‘गोगो/रोलिंग पेपर’, हुक्का फ्लेवर, चिलम एवं प्रतिबंधित जर्दायुक्त पान मसाला बेचने वाले अवैध नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।


इस अभियान के दौरान यह सामने आया कि शहर के कई पान ठेले, गुमटियां और डेली नीड्स दुकानों पर गांजा सेवन में प्रयुक्त सामग्री खुलेआम बेची जा रही थी, जो युवाओं के स्वास्थ्य और भविष्य के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है। विशेष रूप से शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास इन सामग्रियों की बिक्री COTPA Act का सीधा उल्लंघन पाई गई।


संयुक्त पुलिस टीमों द्वारा की गई तलाशी में लगभग 2 लाख रुपये मूल्य की भारी मात्रा में गोगो/रोलिंग पेपर, हुक्का फ्लेवर, चिलम और प्रतिबंधित जर्दायुक्त पान मसाला जप्त किया गया। संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं COTPA Act के तहत इस्तगासा प्रस्तुत कर वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
पुलिस द्वारा जप्त की गई सामग्री की सप्लाई चेन की भी जांच की जा रही है। इस अवैध नेटवर्क से जुड़े बैकवर्ड लिंक को चिन्हित कर आगे सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

कार्रवाई के स्थान
• मोहन नगर क्षेत्र : 08 दुकान/ठेले
• स्मृतिनगर क्षेत्र : 05 दुकान/ठेले
• नेवई क्षेत्र : 02 दुकान/ठेले
• दुर्ग क्षेत्र : 01 दुकान/ठेला
आरोपी
कार्रवाई में कुल 17 दुकानदारों/व्यापारियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है, जिनमें पान दुकान, चाय ठेला, किराना स्टोर, होटल एवं डेली नीड्स स्टोर संचालक शामिल हैं।
जप्त सामग्री
. भारी मात्रा में गोगो/रोलिंग पेपर (अनुमानित मूल्य लगभग 2 लाख रुपये)
. हुक्का फ्लेवर एवं चिलम
. प्रतिबंधित जर्दायुक्त पान मसाला एवं अन्य नशीली सामग्री