
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। पेद्दागेलूर के जंगल इलाके में चल रही इस कार्रवाई के दौरान नक्सली कमांडर उधम सिंह के मारे जाने की सूचना है।
जानकारी के अनुसार, डीआरजी और सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी, इसी दौरान नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने एक नक्सली को मार गिराया। मुठभेड़ स्थल से एक ऑटोमेटिक AK-47 राइफल और एक शव बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, इलाके में अब भी सर्च ऑपरेशन जारी है। पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर आसपास के जंगलों में तलाशी ली जा रही है, ताकि अन्य नक्सलियों की मौजूदगी का पता लगाया जा सके। ऑपरेशन पूरा होने के बाद विस्तृत जानकारी जारी की जाएगी। इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता माना जा रहा है।