
दुर्ग। भिलाई क्षेत्र में चलती ट्रेन पर पथराव की एक और गंभीर घटना सामने आई है। सोमवार शाम खुर्सीपार गेट और पावर हाउस के बीच अज्ञात लोगों ने राजधानी एक्सप्रेस पर पत्थर फेंक दिए, जिससे ट्रेन के इंजन के सामने लगा कांच क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें दरार पड़ गई। गनीमत रही कि इस घटना में लोको पायलट और सहायक लोको पायलट को कोई चोट नहीं आई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
मिली जानकारी के अनुसार राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12441) बिलासपुर से नई दिल्ली की ओर जा रही थी। सोमवार शाम करीब 4 बजे जब ट्रेन खुर्सीपार गेट पार कर पावर हाउस दिशा में आगे बढ़ रही थी, उसी दौरान अचानक इंजन की ओर पत्थर फेंके गए। एक पत्थर सीधे इंजन के शीशे पर जा लगा, जिससे कांच में दरार आ गई।
अचानक हुई इस घटना से लोको पायलट और सहायक लोको पायलट कुछ देर के लिए घबरा गए, लेकिन सूझबूझ का परिचय देते हुए उन्होंने ट्रेन को सुरक्षित रूप से आगे बढ़ाया। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को दी गई।
सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। भिलाई-3 आरपीएफ प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि अज्ञात पत्थरबाजों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पथराव खुर्सीपार क्षेत्र की ओर से किए जाने की बात सामने आई है।