कथा स्थल के पास धान के पैरावट में भड़की आग, दमकल की तत्परता से बड़ा हादसा टला



दुर्ग। दुर्ग जिले के बोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दनिया में आयोजित धार्मिक कथा के दौरान कथा स्थल के समीप रखे धान के पैरावट में अचानक आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की लपटें तेजी से फैलते हुए कथा स्थल के पंडाल की ओर बढ़ने लगीं, जिससे मौजूद श्रद्धालुओं में घबराहट फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दमकल टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने बिना समय गंवाए आग बुझाने का कार्य शुरू किया। आग पैरावट से पंडाल के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुकी थी, लेकिन दमकल विभाग की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से आग को आगे फैलने से रोक लिया गया।
चार दमकल वाहनों से लगातार पानी डालकर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। दमकल विभाग की समय पर की गई कार्रवाई से कथा स्थल और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित बचा लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना होने से टल गई। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति नुकसान की सूचना नहीं है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *