



दुर्ग।
दुर्ग रेंज में स्मार्ट पुलिसिंग और पुलिस–पब्लिक पार्टनरशिप को मजबूत करने की दिशा में एक और अहम कदम उठाया गया है। मंगलवार को भिलाई के सिविक सेंटर स्थित ICAI ब्रांच के सभागार में पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज राम गोपाल गर्ग द्वारा ‘सशक्त ऐप’ के पब्लिक मॉड्यूल का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
बताया गया कि सशक्त ऐप का शुभारंभ प्रदेश स्तर पर दिसंबर 2024 में किया गया था। यह ऐप चोरी हुए वाहनों का एकीकृत डेटाबेस है, जिसके जरिए पुलिस पेट्रोलिंग और नाकेबंदी के दौरान संदिग्ध वाहनों की जांच कर एक क्लिक में यह पता लगा लेती है कि वाहन चोरी का है या नहीं। ऐप की सफलता को देखते हुए इसे आम जनता के लिए भी उपयोगी बनाने का सुझाव मिला, जिसके तहत अब इसका पब्लिक मॉड्यूल लॉन्च किया गया है।
पब्लिक मॉड्यूल शुरू होने के बाद अब आम नागरिक भी अपने मोबाइल फोन से किसी भी वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर डालकर यह जांच कर सकेंगे कि वह वाहन चोरी का है या संदिग्ध। साथ ही नागरिक संदिग्ध या चोरी के वाहन की जानकारी सीधे पुलिस को दे सकेंगे। इससे वाहन चोरी के मामलों में त्वरित कार्रवाई और बरामदगी को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने बताया कि सशक्त ऐप के माध्यम से बीते एक वर्ष में दुर्ग रेंज में 150 से अधिक चोरी के वाहनों की सफलतापूर्वक बरामदगी की गई है। अब पब्लिक मॉड्यूल के जरिए दुर्ग रेंज के लगभग 40 लाख नागरिक भी इस अभियान से जुड़ सकेंगे, जिससे वाहन चोरी पर और सख्त नियंत्रण संभव हो सकेगा।
सशक्त ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड करने के लिए ‘सशक्त सीजी पुलिस’ सर्च करना होगा। ऐप डाउनलोड करने के बाद बेसिक जानकारी भरकर रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है। लॉगिन के बाद मुख्य पृष्ठ पर वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर डालकर चोरी या संदिग्ध वाहन की जानकारी प्राप्त की जा सकती है और नजदीकी थाने से संपर्क किया जा सकता है।
इस अवसर पर ऐप के विकास और सफल क्रियान्वयन में योगदान देने वाली टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में बताया गया कि यदि यह नवाचार दुर्ग रेंज में सफल रहता है, तो इसे पूरे प्रदेश में लागू करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ आर्मी पब्लिक फाउंडेशन के जवान, कल्याणी नशा मुक्ति केंद्र, चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी, सीए भवन के अधिकारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिषेक झा सहित दुर्ग रेंज के राजपत्रित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। मंच संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुखनंदन राठौर और उप निरीक्षक डॉ. संकल्प राय द्वारा किया गया।