दुर्ग।
भिलाई-3 थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित छोटी पुलिया के पास मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नहर में एक व्यक्ति का शव मिला। सुबह करीब 8.15 बजे स्थानीय लोगों ने नहर के पानी में एक युवक को औंधे मुंह पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत इसकी सूचना भिलाई-3 पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया। नहर में शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए पूरे इलाके को सुरक्षित किया और प्रारंभिक जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान खुर्सीपार गौतम नगर निवासी सतीश प्रसाद (उम्र 44 वर्ष) के रूप में हुई है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला अस्पताल की मर्चुरी भेज दिया गया है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि युवक नहर तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।
