पुलगांव चौक हादसे में महिला की मौत, हाईवा चालक गिरफ्तार




दुर्ग । थाना पुलगांव पुलिस ने सड़क दुर्घटना में लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर महिला की मृत्यु कारित करने वाले हाईवा चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह घटना पुलगांव चौक क्षेत्र की है।
घटना दिनांक 26.12.2025 की सुबह लगभग 06:50 बजे थाना पुलगांव क्षेत्र अंतर्गत पुलगांव चौक में घटित हुई। मृतिका उत्तरा हरमुख, पिता गोविंद हरमुख, उम्र 64 वर्ष, निवासी ग्राम कोलिहापुरी, वार्ड क्रमांक 11, दुर्गा मंदिर के पास, ऑटो से उतरकर सड़क पार कर रही थी। उसी समय राजनांदगांव की ओर से आ रहे हाईवा वाहन क्रमांक CG 07 CT 8931 के चालक ने भीड़भाड़ वाले पुलगांव चौक पर तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाया।
वाहन चालक को यह ज्ञात होते हुए भी कि पुलगांव चौक पर लगातार लोगों की आवाजाही रहती है और तेज गति से वाहन चलाने पर दुर्घटना की आशंका रहती है, उसने वाहन को खतरनाक तरीके से चलाते हुए सड़क पार कर रही महिला को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद महिला गिर गई और वाहन चालक उसे लगभग 20 मीटर तक घसीटते हुए मौके से फरार हो गया। इस दुर्घटना में महिला का शरीर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई।
मामले में थाना पुलगांव में मर्ग क्रमांक 123/2025 धारा 194 बीएनएसएस के तहत पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ की गई थी। मर्ग जांच के दौरान आरोपी चालक का कृत्य धारा 105 बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत अपराध पाए जाने पर प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि हाईवा वाहन क्रमांक CG 07 CT 8931 का चालक पुकेश्वर हरमुख, निवासी ग्राम पीसेगांव, द्वारा उक्त दुर्घटना कारित की गई। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *