वरना कार में चिट्टा सप्लाई का भंडाफोड़, पुरानी भिलाई पुलिस ने पांच आरोपी व दो अपचारी बालक पकड़े




दुर्ग । पुरानी भिलाई थाना पुलिस एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सिंथेटिक नशे (चिट्टा/हेरोइन) के अवैध कारोबार में संलिप्त पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अपचारी बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 10.7 मिलीग्राम चिट्टा, हुंडई वरना कार, 6 मोबाइल फोन सहित लगभग 9,87,800 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
दिनांक 26.12.2025 को थाना पुरानी भिलाई पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि सिरसा भाठा मेहंदी बाड़ी के पास खाली मैदान में सफेद रंग की हुंडई वरना कार (क्रमांक CG 05 LW 6628), जिसका पिछला कांच टूटा हुआ है, वहां कुछ संदिग्ध व्यक्ति सिंथेटिक चिट्टा का सेवन और सप्लाई कर रहे हैं। सूचना पर तत्काल थाना पुरानी भिलाई एवं एसीसीयू की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार में सवार व्यक्तियों को पकड़ा गया।
कार में बैठे व्यक्तियों ने अपने नाम क्रमशः रवेल सिंह उर्फ जॉनी निवासी कैलाश नगर जामुल, कार चालक दिशान्त निवासी गनियारी, रोहित गुप्ता निवासी संगम चौक खुर्सीपार, ओमकार सिंह उर्फ गोली सिंह निवासी सुभाष मार्केट खुर्सीपार बताया। इनके साथ दो अपचारी बालक भी मौजूद थे। जांच के दौरान कार के अंदर धुआं भरा हुआ था और सभी आरोपी एल्युमिनियम फॉयल में रखे चिट्टा को लाईटर की सहायता से सेवन करते हुए रंगे हाथों पाए गए।
तलाशी एवं विधिवत कार्रवाई के दौरान रवेल सिंह उर्फ जॉनी से 6.50 मिलीग्राम चिट्टा एवं बिक्री रकम 27,500 रुपये, दिशान्त से 2.10 मिलीग्राम चिट्टा, हुंडई वरना कार, एल्युमिनियम फॉयल व लाईटर, रोहित गुप्ता से 0.58 मिलीग्राम चिट्टा, एल्युमिनियम फॉयल व लाईटर, ओमकार सिंह उर्फ गोली सिंह से 0.51 मिलीग्राम चिट्टा, एल्युमिनियम फॉयल व लाईटर, एक अपचारी बालक से 0.53 मिलीग्राम चिट्टा तथा दूसरे अपचारी बालक से 0.48 मिलीग्राम चिट्टा, एल्युमिनियम फॉयल व लाईटर जब्त किया गया।
सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 517/2025 के तहत धारा 27(क), 21(क), 21(ख) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया गया है। चिट्टा की आपूर्ति के स्रोत के संबंध में पूछताछ की जा रही है। साथ ही किशोर बालकों को मनःप्रभावी सिंथेटिक नशा बेचने के मामले में किशोर न्याय अधिनियम के तहत अलग से कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर संगठित अपराध से जुड़े पहलुओं पर भी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी :
1 रवेल सिंह उर्फ जॉनी, निवासी कैलाश नगर, जामुल
2 दिशान्त, निवासी गनियारी (कार चालक)
3 रोहित गुप्ता, निवासी संगम चौक, खुर्सीपार
4 ओमकार सिंह उर्फ गोली सिंह, निवासी सुभाष मार्केट, खुर्सीपार
दो अपचारी बालक (अभिरक्षा में)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *