
:
भिलाई। नगर पालिक निगम रिसाली ने संपत्ति कर सहित अन्य करों के भुगतान पर 2 प्रतिशत की छूट की घोषणा की है। यह लाभ केवल 30 नवंबर तक ऑनलाइन राशि जमा करने वाले नागरिकों को मिलेगा। निगम ने कर भुगतान प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए QR कोड स्कैन कर सीधे ऑनलाइन टैक्स जमा करने की सुविधा शुरू की है।
निगम आयुक्त मोनिका वर्मा ने बताया कि QR कोड स्कैन करते ही करदाता सीधे निगम की वेबसाइट पर पहुंच जाएंगे। नाम या मोबाइल नंबर दर्ज करने के बाद निर्धारित कर राशि दिखाई देगी, जिसे आसानी से ऑनलाइन भुगतान किया जा सकेगा। आयुक्त ने नागरिकों से पेनल्टी से बचने हेतु समय पर कर जमा करने की अपील की है।
संपत्ति कर प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि नागरिकों की सुविधा के लिए एक चैटबॉट भी तैयार किया जा रहा है, जिसे व्हाट्सऐप के माध्यम से उपयोग किया जा सकेगा। लिंक पर क्लिक करते ही कर से संबंधित सभी जानकारी मोबाइल स्क्रीन पर उपलब्ध रहेगी और वहीं से ऑनलाइन भुगतान भी किया जा सकेगा।
निगम की ओर से 20,600 डिमांड पत्र तैयार किए गए हैं, जिन्हें सोमवार से नागरिकों को वितरित किया जाएगा। डिमांड मिलने के बाद नागरिक तुरंत ऑनलाइन पेमेंट कर सकेंगे, जिससे समय की बचत होगी।
फैक्ट फाइल:
- लक्ष्य: 21 करोड़ 30 लाख
- कुल घर: 27,258
- अब तक वसूली: 45 प्रतिशत