कोरबा में युवक ने लगाई फांसी: एईसीएल कॉलोनी में मिला शव, कमरे से शराब और कोल्ड ड्रिंक की बोतलें बरामद



कोरबा। शहर के एईसीएल कॉलोनी में मंगलवार शाम एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 32 वर्षीय फणीभूषण ध्रुव के रूप में हुई है, जो रिटायर्ड सहायक उप निरीक्षक कलम सिंह ध्रुव का बेटा और पुलिस विभाग में पदस्थ नारायण ध्रुव का भाई था। घटना के वक्त घर के सभी सदस्य बाहर गए हुए थे।

पड़ोसियों को दिनभर युवक के न दिखने पर शक हुआ। जब उन्होंने शाम को दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। अंदर झांककर देखा तो फणीभूषण फंदे से लटका हुआ मिला। तत्काल इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी गई।

जानकारी के मुताबिक, यह मामला दीपका थाना क्षेत्र के प्रगति नगर कॉलोनी का है। बताया जा रहा है कि फणीभूषण की शादी नहीं हुई थी और परिवार वाले उसके लिए लड़की तलाश रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसके पश्चात बुधवार को मृतक का अंतिम संस्कार उनके गृह ग्राम लालपुर (लोरमी) में किया गया।

मौके पर पहुंची पुलिस को मृतक के कमरे से शराब और कोल्ड ड्रिंक की खाली बोतलें भी मिलीं। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद्र साहू ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक बयान दर्ज किए हैं और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *