
दुर्ग। भिलाई स्थित सेल के सबसे बड़े स्टील प्लांट भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। ब्लास्ट फर्नेस-8 में वेस्ट कैचर अचानक फट गया, जिससे तेज धमाके के साथ भीषण आग लग गई। हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही इस्पात प्रबंधन को जानकारी दी गई और बीएसपी के दमकल दल मौके पर पहुंचे। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
जानकारी के अनुसार, ब्लास्ट फर्नेस-8 से प्रतिदिन करीब 9,000 टन इस्पात का उत्पादन किया जाता है। आग लगने से उत्पादन पर सीधा असर पड़ा है। फिलहाल प्रबंधन ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत उत्पादन जारी रखने की कोशिश शुरू कर दी है।
हादसे के बाद बीएसपी प्रबंधन ने जांच के आदेश दिए हैं। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। तकनीकी विशेषज्ञों की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।